Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह की दर्दनाक हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा शुक्रवार, 3 जुलाई को घोषित की गई बंदी पूरी तरह सफल रही। यह बातें आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर एवं भाजपा नेता अमित सिंह बॉबी ने कही।
आदित्यपुर पुलिस थाना में बंदी समर्थकों के साथ मौजूद भाजपा नेता अमित सिंह बॉबी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
अमित सिंह बॉबी ने दावा किया कि जमशेदपुर और आदित्यपुर दोनों ही क्षेत्रों में इस बंदी को जनता का व्यापक और भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि 2 जुलाई को निकाली गई मशाल जुलूस के दौरान ही जनता का जो रुख दिखा था, उससे यह साफ हो गया था कि लोग भी इस व्यवस्था के खिलाफ खड़े होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। व्यापारी वर्ग से लेकर समाज के हर हिस्से ने इस बंद का समर्थन किया है।
पूर्व डिप्टी मेयर ने कड़े शब्दों में कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रशासन के सामने हत्या जैसी वारदातें होना कानून व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रहे अपराध, ड्रग्स के अवैध प्रचलन और चाकूबाजी की घटनाओं ने आम जनता को डरा दिया है।
अमित सिंह बॉबी के अनुसार, इस घोषित बंदी के जरिए जनता ने राज्य में लगातार गिरती विधि व्यवस्था के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए हेमंत सरकार के गाल पर एक जोरदार तमाचा मारा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि यदि वे स्थिति नहीं संभाल पा रहे हैं, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।








