सरायकेला-खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित तमोलिया में 62 वर्षीय शेख नूर मोहम्मद पर हुई जानलेवा फायरिंग मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी मो. जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो पुराने कट्टे, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 9 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे गोविंद विद्यालय के पीछे शेख नूर मोहम्मद पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पीड़ित के बयान के आधार पर कपाली ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1), 118(2), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 10 जुलाई को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मो. जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, आगजनी, मारपीट, अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी संगठित आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।
इस कार्रवाई में चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव कुमार, पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सिंह, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, अनुसंधानकर्ता हीरालाल मुंडू तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








