सरायकेला-खरसावां। जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में भाजपा जिला कमेटी ने शनिवार को सरायकेला जिला समाहरणालय के समक्ष जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व महापौर विनोद श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के बाद नेताओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पिछले कई वर्षों से भर्ती परीक्षाओं में परीक्षा माफिया सक्रिय हैं। पेपर लीक और धांधली के कारण झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि रांची में पिछले छह दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों का भाजपा पूरी तरह समर्थन करती है।
प्रमुख मांगें:
* सीबीआई जांच: वर्ष 2019 के बाद हुई सभी जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं की उच्चस्तरीय सीबीआई जांच कराई जाए।
* फास्ट ट्रैक कोर्ट: परीक्षा माफियाओं और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन हो।
* मुआवजा: उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
* इस्तीफा: प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दें।
* आयोग पर कार्रवाई: 14वीं जेपीएससी मामले में तत्कालीन अध्यक्ष एवं आयोग के सदस्यों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस विरोध-प्रदर्शन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश हांसदा,
इस दौरान पूर्व मेयर विनोद श्रीवास्तव, जिला कार्य समिति सदस्य सुनील श्रीवास्तव, जिला परिषद सदस्य, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रितिका मुखी, सारथी महतो, संभु मंडल, सतीश शर्मा, राकेश मिश्रा, ललन शुक्ला, सुमित चौधरी, अमरेश गोस्वामी, गुरजीत सिंह, गणेश कलंदी, विशु महतो, सावन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।








