आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के माझी टोला स्थित संजय नगर में मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

सुबह करीब साढ़े चार बजे एक किराए के मकान में निवस्त्र संदिग्ध व्यक्ति छत के रास्ते कमरे में दाखिल हो गया। पकड़े जाने से बचने के लिए संदिग्ध ने पूरे शरीर पर ग्रीस पोत रखा था और चेहरे को नीले कपड़े से ढका हुआ था।घटना के वक्त कमरे में मौजूद महिला, जो शारदीय नवरात्रि का व्रत रख रही थीं, अचानक नींद खुलने पर अजनबी को देखकर सन्न रह गईं। संदिग्ध दरवाजा सटाकर मोबाइल चोरी करने का प्रयास कर रहा था। महिला के जोर-जोर से शोर मचाते ही संदिग्ध उसी रास्ते छत पर चढ़ा और वहां से कूदकर फरार हो गया। पीड़िता के पति और बच्चे घर के बाहर चौकी पर सो रहे थे, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और पुलिस फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है।
दुर्गा पूजा के दौरान सतर्कता और आदतों में सुधार जरूरीदुर्गा पूजा और त्योहारी सीजन के दौरान अक्सर लोग लापरवाही बरतते हुए छतों के दरवाजे खुले छोड़ देते हैं या बाहर सोते समय मुख्य द्वारों की कुंडी नहीं लगाते। इस घटना ने साफ कर दिया है कि स्थानीय निवासियों को अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सुधार करने होंगे। त्योहारों की व्यस्तता के बीच रात में छत के दरवाजों को अनिवार्य रूप से लॉक रखें, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और पुलिस गश्त की मांग के साथ-साथ मोहल्ला स्तर पर भी सजगता बढ़ाएं।








