Adityapur: बास्कोनगर से लापता 3 नाबालिग बच्चियां मिलीं, पश्चिमी सिंहभूम से पुलिस ने किया सकुशल बरामद, एसपी के निर्देश पर SIT ने चलाया त्वरित अभियान, पुलिस टीम की हो रही सराहना

आदित्यपुर के बास्कोनगर से लापता तीन नाबालिग बच्चियां

​आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्कोनगर से बीते 13 जुलाई को रहस्यमय तरीके से लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के कारण बच्चियों को समय रहते ढूंढ निकाला गया। बच्चियों के सुरक्षित वापस लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

​रूंगटा पार्क जाने की बात कहकर निकली थीं घर से

घटना के संबंध में बताया जाता है कि बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां 13 जुलाई को अपने घर से रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर निकली थीं। इनमें से एक लड़की मंगलवार को सुरक्षित वापस घर लौट आई थी, लेकिन तीन अन्य बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। बच्चियों के पास मोबाइल फोन न होने के कारण पुलिस और परिजनों को शुरुआती तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत अनुसंधान शुरू किया।

आदित्यपुर के बास्कोनगर से लापता तीन नाबालिग बच्चियां

​तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी से मिली सफलता

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी इनपुट्स और गुप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की और तीनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

​जांच में जुटी पुलिस

इस सफल अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने किया, जबकि टीम में अवर निरीक्षक विश्वजीत तिवारी और सहायक सब इंस्पेक्टर शिव प्रकाश ने मुख्य भूमिका निभाई। गुरुवार को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चियों को आधिकारिक तौर पर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चियों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके लापता होने के सही कारणों का पता लगाया जा सके और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *