Saraikela (सरायकेला): राज्य में जारी भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच सड़कों पर मुस्तैद यातायात पुलिसकर्मियों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने एक बेहद सराहनीय कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी की विशेष पहल पर जिले के सभी सोलह ट्रैफिक पोस्टों पर तैनात पुलिसकर्मियों को राहत सामग्री वितरित की गई है।

यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत ऑन-ड्यूटी जवानों को पानी ठंडा रखने के लिए विशेष स्टील की बोतलें, तेज धूप से बचाव के लिए छतरियां और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करने के लिए ओआरएस (ORS) के पैकेट उपलब्ध कराए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भीषण तपिश और लू के थपेड़ों के बीच लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और मानसिक तनाव से बचाना है, ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
ट्रायल पर हैं हाई-टेक कूलर जैकेट
यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार पुलिसकर्मियों को अत्यधिक गर्मी से निजात दिलाने के लिए आधुनिक ‘कूलर जैकेट’ भी ट्रायल के तौर पर मंगवाए जा रहे हैं। यदि इस आधुनिक जैकेट का ट्रायल सफल रहता है, तो आने वाले दिनों में जिले के सभी यातायात पुलिसकर्मियों को कूलर जैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें ऑन-फील्ड ड्यूटी के दौरान भारी राहत मिलेगी।








