चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले की मझगांव थाना पुलिस ने कुशनपुर गांव में हुए चर्चित हत्या कांड का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को मझगांव थाना क्षेत्र के कुशनपुर गांव के मुंडा एथन मार्सेल पिंगुवा (50 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों द्वारा सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। उनका शव उनके पुराने घर में जमीन पर पड़ा मिला था। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा गया था।
चाईबासा मागे पर्व हत्या कांड: जश्न बना मातम, दोस्तों ने युवक की कर दी बेरहमी से हत्या
मृतक के भतीजे चमन प्रकाश पाट पिंगुवा के लिखित आवेदन पर मझगांव थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
लगातार तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के बाद पुलिस ने 16 जुलाई 2026 को इस हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर पुरती (29 वर्ष) तथा जवाहर लाल छातार उर्फ रंजीत उर्फ जल्ला (21 वर्ष), दोनों निवासी कुशनपुर, मझगांव थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त करीब तीन फीट लंबा डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
http://बड़ाजामदा युवक हत्या कांड: दोस्त ने पत्थर से कुचलकर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार







