सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कपाली ओपी क्षेत्र के फॉरेस्ट इलाके में स्थित घने जंगल से मंगलवार (14 जुलाई) को एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। महिला का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, जंगल के समीप कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी गेंद जंगल के भीतर चली गई। जब बच्चे गेंद ढूंढते हुए झाड़ियों की तरफ बढ़े, तो उन्होंने पेड़ से लटके शव को देखा। डरे-सहमे बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय कपाली ओपी पुलिस को दी।

पुलिस का बयान:
“शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका ने लाल रंग की नाइटी पहनी हुई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है, इसलिए पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।”
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। वह इस घने जंगल तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी महिला के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
http://सरायकेला: चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे मिला लापता शिक्षक का शव, परिजनों में मचा कोहराम








