Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित जयपुर गांव में जमीन के पैसे के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। सड़क किनारे स्थित जमीन की बिक्री से मिले रुपये को लेकर दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की रांची ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।
Adityapur Land Dispute: जमीन विवाद में रणक्षेत्र बना कुलपटांगा, आदिवासी सभा के बाद भारी तोड़फोड़ व झड़प
जानकारी के अनुसार, जयपुर गांव में सड़क किनारे की एक जमीन हाल ही में बेची गई थी। जमीन बिक्री से प्राप्त राशि के बंटवारे को लेकर 30 वर्षीय शंकर लागुरी और उसके छोटे भाई महेंद्र लागुरी के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान गुस्से में आए महेंद्र लागुरी ने अपने पास मौजूद पिस्तौल निकालकर बड़े भाई शंकर लागुरी पर गोली चला दी। गोली लगते ही शंकर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल शंकर को चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
वारदात के बाद आरोपी महेंद्र लागुरी फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।








