चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल न्यू बायपास पर आज एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। भालुककोचा और सुकसारी के बीच एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर बाइक को लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

नीमडीह के रहने वाले हैं पीड़ित:
मृतक और घायल युवकों की पहचान नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी गांव के निवासी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक किसी काम से चांडिल कॉलेज आए हुए थे और वापसी के दौरान हादसे का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को स्थानीय लोगों और विस्थापित नेता राकेश रंजन महतो की तत्परता से अस्पताल पहुँचाया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
ट्रैफिक व्यवस्था पर फूटा गुस्सा:
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पिछले 30 घंटों से चांडिल न्यू बायपास पर लगे जाम को इस हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस की लचर ट्रैफिक व्यवस्था के कारण सड़कों पर लंबी कतारें लगी हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।








