जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के परसूडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से करीब 510 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को परसूडीह थाना क्षेत्र के खखरीपाड़ा-जादूगोड़ा वाला रास्ता क्षेत्र में गांजा की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए छापामारी टीम गठित की गई।
प्लास्टिक में मिला गांजा जैसा पदार्थ
छापामारी के दौरान पुलिस ने शशि कुमार भगत उर्फ दिलखुश, उम्र करीब 34 वर्ष, को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद एक उजले रंग के प्लास्टिक में गांजा जैसा मादक पदार्थ मिला। पुलिस के अनुसार, पदार्थ का वजन करने पर कुल 510 ग्राम पाया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह गोलमुरी के एक व्यक्ति से गांजा खरीदता था और उसकी पुड़िया बनाकर बिक्री करता था।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, मामले में परसूडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुनिया के लिखित बयान के आधार पर परसूडीह थाना कांड संख्या 88/2026, दिनांक 9 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(b)(ii)A/22 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य संभावित सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है।
छापामारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई के लिए गठित टीम में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुनीत कुमार, परसूडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल तुबेड़, रितेश कुमार, संदीप कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के संतोष कुमार विश्वकर्मा शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
http://जादूगोड़ा में 452 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त








