सरायकेला: कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास योजनाओं, राजस्व वसूली, मतदाता सूची पुनरीक्षण और आगामी त्योहारों की विधि-व्यवस्था पर बिंदुवार चर्चा हुई।

लंबित योजनाओं और राजस्व की समीक्षा
आयुक्त ने जिले में राजस्व संग्रह की स्थिति को संतोषजनक बताया। कर स्लैब में हुए बदलावों (28% से 18%) के प्रभाव का आकलन करते हुए उन्होंने डीसी को राजस्व लक्ष्य समय पर हासिल करने के निर्देश दिए। वहीं, जिले में लंबे समय से अटकी विकास योजनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने उपायुक्त (डीसी) और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को व्यक्तिगत निगरानी कर सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने को कहा। खरसावां के 500 बेड के अस्पताल पर उन्होंने रिकॉर्ड देखकर निर्णय लेने की बात कही।
मतदाता पुनरीक्षण पर जोर
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने नए मतदाताओं को जोड़ने हेतु फॉर्म-6 पर फोकस करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को सबसे कम निबंधन वाले 10 बूथों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा ताकि युवा मतदाता न छूटें।
त्योहारों में पुख्ता सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन
आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर एसपी के साथ सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति बनाई गई। पंडाल भ्रमण के दौरान सूने घरों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्ती, क्यूआरटी की तैनाती और पुलिस मूवमेंट बढ़ाने के आदेश दिए गए। साथ ही आदित्यपुर क्षेत्र में जाम से निपटने के लिए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।








