Jamshedpur (जमशेदपुर) : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची पुलिस टीम पर मुख्य आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे साहेब सिंह उर्फ सब्बे और उसके साथियों ने राहुल बच्चा पर ईंट, पत्थर और लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के भाई राजा कुमार के बयान पर मानगो थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में एएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी साहेब सिंह की निशानदेही पर जवाहरनगर फॉरेस्ट लाइन स्थित झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीम पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखी देशी लोडेड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी साहेब सिंह घायल हो गया। उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने कपड़े, ईंट, पत्थर, लकड़ी, एक जोड़ी चप्पल, नकदी तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05 CX 5368) भी जब्त की है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार तीन आरोपियों तथा मृतक राहुल बच्चा के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और अन्य गंभीर मामलों के कई आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








