सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने शनिवार को सरायकेला-खरसावां जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गयारी से उनके सरायकेला स्थित कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस औपचारिक मुलाकात के दौरान मेयर संजय सरदार ने बुके सौंपकर नवनियुक्त एसपी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
स्वागत के पश्चात मेयर संजय सरदार ने एसपी मनोज स्वर्गयारी को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विभिन्न जन समस्याओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। मेयर ने एसपी से आग्रह किया कि इन औद्योगिक व घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहतर विधि व्यवस्था स्थापित की जाए और पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाया जाए।
मुलाकात के दौरान स्थानीय स्तर पर पनप रहे अपराधों पर लगाम लगाने और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने संबंधी बिंदुओं पर भी गंभीर विमर्श हुआ। मेयर की बातों को गंभीरता से सुनते हुए नवनियुक्त एसपी मनोज स्वर्गयारी ने उन्हें पूर्ण भरोसा दिलाया। एसपी ने आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरे जिले सहित आदित्यपुर और गम्हरिया निगम क्षेत्र में क्राइम कंट्रोल (अपराध नियंत्रण) को लेकर जिला पुलिस प्रतिबद्ध है। अपराधियों पर नकेल कसने और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा हर संभव और सख्त कदम उठाए जाएंगे।








