आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 में बदलाव की एक नई बयार देखने को मिल रही है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को अमलीजामा पहनाने के लिए नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद शांतनु घोष अपनी पूरी टीम के साथ धरातल पर उतर चुके हैं। चुनावी घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) में शामिल प्राथमिकताओं को पूरा करते हुए उन्होंने वार्ड के सर्वांगीण विकास और कायाकल्प की मुहिम का शंखनाद कर दिया है।

इस अभियान के पहले चरण में आदित्यपुर-शहरी मुख्य सड़क की व्यापक साफ-सफाई का जिम्मा उठाया गया है। इसके साथ ही, वार्ड की सभी अंदरूनी और मुख्य सड़कों पर राहगीरों की सुविधा के लिए साइन बोर्ड (दिशा सूचक बोर्ड) लगाने का कार्य भी युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस पूरे कार्य का खर्च पार्षद शांतनु घोष खुद वहन कर रहे हैं।
”जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे चुना है, उस पर खरा उतरना मेरा पहला कर्तव्य है। मेनिफेस्टो का हर एक वादा समय पर पूरा होगा।”
— शांतनु घोष, वार्ड पार्षद
इस जन-सरोकार के कार्य में पार्षद के भाई गोपाल घोष भी अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह पूरी टीम के साथ तालमेल बिठाकर धरातल पर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने पार्षद की इस त्वरित और सकारात्मक पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि चुनाव जीतने के तुरंत बाद इस तरह सक्रियता दिखाना क्षेत्र के विकास के लिए एक बेहतरीन संकेत है।
http://गम्हरिया में मैया सम्मान योजना व पेंशन सत्यापन अभियान शुरू, वार्डवार शिविर का शेड्यूल जारी







