चाईबासा, 15 जुलाई 2026। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना को लेकर आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं मानकी-मुंडा संघ की संयुक्त आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने की, जिसमें घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए शांति और न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज की सुरक्षा, आपसी सौहार्द और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसात्मक घटना समाज के लिए चिंताजनक है और इसका समाधान संवैधानिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।
उन्होंने जानकारी दी कि इस विषय पर व्यापक चर्चा और आगे की रणनीति तय करने के लिए 16 जुलाई 2026 को पड़सा मैदान में एक विशाल आपातकालीन बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, मानकी-मुंडाओं तथा समुदाय के सभी लोगों को आमंत्रित किया गया है।
इपिल सामड ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में बैठक में शामिल होकर समाज की सुरक्षा, न्याय और सामाजिक एकता के मुद्दों पर अपने विचार रखें। उन्होंने कहा कि सामूहिक संवाद और लोकतांत्रिक तरीके से लिए गए निर्णय ही समाज के हित में प्रभावी साबित होंगे तथा क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में मदद करेंगे।
बैठक में मानकी-मुंडा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र पुरती, महिला महासभा अध्यक्ष अंजू सामड, पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम, जिला कोषाध्यक्ष सत्यभरत बिरुवा, आशीष तिरिया, कमलेश बिरुवा, सिनी पुरती, यशवंती सिंकु सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।








