कदमा के BSNL रेसिडेंसी मैदान के पास पुलिस की छापेमारी, गिरफ्तार आरोपियों में दो का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
Jamshedpur (जमशेदपुर) : पूर्वी सिंहभूम जिले में आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित योजना बना रहे पांच आरोपियों को जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर संगठित गिरोह बनाकर कदमा थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में हथियार के बल पर लोगों को डराने-धमकाने तथा पैसे वसूलने की योजना बना रहे थे।

जमशेदपुर में संयुक्त सर्च अभियान, इंसास और AKM समेत भारी मात्रा में हथियार-गोला-बारूद बरामद
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 की रात वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली थी कि शास्त्रीनगर निवासी रविनाथ मछुआ अपने साथियों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-2 के नेतृत्व में गठित टीम ने कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के सहयोग से कार्रवाई की। पुलिस टीम जब फॉर्म एरिया रोड नंबर 18 के पास BSNL रेसिडेंसी मैदान पहुंची, तो वहां मौजूद पांच संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया।
पांचों आरोपियों के पास से मिली एक-एक गोली
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर रविनाथ मछुआ के कमर के बाएं हिस्से से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ। वहीं, विनय हरिपाल उर्फ बाबला, संतोष बान सिंह, निहाल बालमुचू और अमित कुमार साहू की तलाशी के दौरान प्रत्येक के पास से एक-एक जिंदा गोली मिली। इस प्रकार पुलिस ने कुल एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई गई है:
- रविनाथ मछुआ (करीब 40 वर्ष) — निवासी शास्त्रीनगर, ब्लॉक नंबर-05, जय प्रकाश नगर, कदमा।
- विनय हरिपाल उर्फ बाबला (करीब 20 वर्ष) — निवासी कदमा वर्कर्स फ्लैट, ए-ब्लॉक, क्वार्टर नंबर-33।
- संतोष बान सिंह — निवासी मकान नंबर-1455, क्रिश्चन बस्ती, नियर एयरपोर्ट, सोनारी।
- निहाल बालमुचू — निवासी मकान नंबर-1219, ए/बी ब्लॉक, क्रिश्चन बस्ती, नियर एयरपोर्ट, सोनारी।
- अमित कुमार साहू — निवासी मकान नंबर-877, डिस्पेंसरी रोड, सोनारी
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास दर्ज
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रविनाथ मछुआ के खिलाफ कदमा थाना में 9 अक्टूबर 2026 को आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 94/25 दर्ज होने का उल्लेख है। वहीं, निहाल बालमुचू के खिलाफ सोनारी थाना में 5 सितंबर 2018 को दर्ज कांड संख्या 200/18 का उल्लेख किया गया है। संबंधित मामलों की धाराओं का विवरण पुलिस दस्तावेज में दिया गया है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ कदमा थाना कांड संख्या 116/26, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव समेत पुलिस अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से कदमा और आसपास के क्षेत्रों में संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।







