आदित्यपुर: झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सिनेमाई प्रतिभा को वैश्विक मंच देने के लिए ‘झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव’ (JNFF) के 7वें संस्करण का भव्य आयोजन आगामी अक्टूबर महीने में होने जा रहा है।

‘अस्मा इंडिया चैरिटेबल ट्रस्ट’ एवं ‘मित्रा प्रोडक्शन’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में स्थानीय और भाषाई फिल्मों को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिसके तहत क्षेत्रीय फिल्मों के लिए एंट्री पूरी तरह से निःशुल्क रखी गई है।
’अस्मा इंडिया’ कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक संजय सत्पथी, राजू मित्रा और डिरेक्टर डॉ. शालिनी प्रसाद ने बताया कि इस फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड एवं झॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों का महासंगम देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, इच्छुक फिल्म निर्माता इस महोत्सव के लिए फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, म्यूजिक वीडियो और डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकते हैं।
इस महोत्सव में विशेष रूप से नागपुरी, संथाली, छऊ, खोरठा, मुंडारी व अन्य झारखंडी भाषाओं की फिल्मों को बड़ा मंच प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य संरक्षक भरत सिंह, संरक्षक सुखदेव महतो, संरक्षक डॉ जे एन दास, पूर्वी घोष, अरुण बाकरेवाल सहित नैंसी सिंह, शिवांगी सिंह, जॉय, कशिश जैन, नवीन प्रधान और राज प्रामाणिक जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं व सदस्यों का विशेष सहयोग मिल रहा है।
महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है। सभी फिल्म निर्माता और कलाकार आधिकारिक वेबसाइट [www.jharkhandnationalfilmfestival.com](https://www.jharkhandnationalfilmfestival.com) पर जाकर अपनी फिल्म ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।








